नई दिल्ली/जयपुर: भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र ने औपचारिकरण और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 30 अक्टूबर तक उद्यम पंजीकरण पोर्टल और उद्यम असिस्ट प्लेटफॉर्म (यूएपी) पर पंजीकृत इकाइयों की कुल संख्या 10 करोड़ से अधिक हो गई है। मंत्रालय ने बुधवार को इस उपलब्धि को देश के छोटे व्यवसायों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ने और डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी सफलता करार दिया है।
मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2020 में लगभग 1.02 करोड़ पंजीकरणों के मुकाबले वर्ष 2026 में 10 करोड़ का आंकड़ा पार करना नीतिगत सुधारों और तकनीक-आधारित सुगम व्यवस्था का परिणाम है। एक जुलाई 2020 को शुरू किए गए उद्यम पंजीकरण पोर्टल ने पूरी प्रक्रिया को कागज रहित, ऑनलाइन और स्व-घोषणा आधारित बनाकर उद्यमियों के लिए दस्तावेजी जटिलताओं को समाप्त किया। इससे पहले वर्ष 2006 से सितंबर 2015 तक लागू उद्यमी ज्ञापन (ईएम-दो) व्यवस्था के नौ वर्षों में 21.96 लाख इकाइयां दर्ज हुई थीं, जबकि सितंबर 2015 से जून 2020 तक उद्योग आधार ज्ञापन (यूएएम) प्रणाली के तहत लगभग 1.02 करोड़ उद्यम पंजीकृत किए गए थे। इसके बाद 11 जनवरी 2023 को आरंभ किए गए उद्यम असिस्ट प्लेटफॉर्म ने बड़ी संख्या में अनौपचारिक क्षेत्र के सूक्ष्म उद्यमों को भी औपचारिक ढांचे में शामिल करने में निर्णायक भूमिका निभाई, जिससे देश में कारोबार सुगमता को नई गति मिली है।