ताजा खबर

‘बाबुडी मेरा निकनेम है’, श्रद्धा कपूर ने बताया ‘ईठा’ से जुड़ा दादी का खास रिश्ता, भावुक हुईं अभिनेत्री

Photo Source :

Posted On:Saturday, October 31, 2026

श्रद्धा कपूर अपने चुलबुले अंदाज और फैंस के साथ खास बॉन्डिंग के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में मुंबई में उनकी आगामी फिल्म ‘ईठा’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेत्री का एक ऐसा ही दिलचस्प और भावुक अंदाज देखने को मिला। इस मौके पर उनके साथ रणदीप हुड्डा, निर्माता दिनेश विजान और निर्देशक लक्ष्मण उतेकर भी मौजूद थे। मीडिया से बातचीत के दौरान श्रद्धा ने अपने फैंस के प्यार भरे निकनेम से लेकर फिल्म के साथ अपने व्यक्तिगत जुड़ाव तक कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनके फैंस उन्हें प्यार से ‘बाबुडी’ बुलाते हैं और यह नाम अब उनके और उनके फैन क्लब्स के बीच एक खास पहचान बन चुका है।

जब श्रद्धा से उनके फैंस द्वारा दिए गए निकनेम के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "बाबुडी। वेल, यह एक ऐसा नाम है जो मेरे फैन क्लब्स और मेरे बीच है। मेरे 'श्रद्धा जेम्स' और 'बाबुडीज'... बाबुडी एक ऐसा निकनेम है जिसका हम इस्तेमाल करते हैं।" श्रद्धा की यह बात सुनकर साफ समझ आता है कि वह अपने प्रशंसकों के साथ कितनी सहज और खास बॉन्डिंग साझा करती हैं। वहीं, ‘स्त्री 2’ के बाद मैडॉक फिल्म्स के साथ दोबारा काम करने को लेकर भी अभिनेत्री काफी उत्साहित नजर आईं। इस बार वह एक बिल्कुल अलग विषय और नई सिनेमाई दुनिया का हिस्सा बनी हैं।

‘ईठा’ से अपने भावनात्मक जुड़ाव के बारे में बात करते हुए श्रद्धा काफी भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि जब पहली बार उन्हें इस फिल्म की कहानी सुनाई गई, तो सबसे पहले उन्हें अपनी दादी की याद आई। अभिनेत्री ने कहा, "जब मैंने पहली बार यह कहानी सुनी, तो मेरे दिमाग में सबसे पहला ख्याल आया कि मेरी दादी को मुझ पर बहुत गर्व होता कि मैं इस फिल्म का हिस्सा हूं। उन्होंने अपने जीवन में इतने संघर्ष देखे थे। मुझे पता है कि आज वह मुझ पर बहुत गर्व कर रही होंगी।" श्रद्धा ने बताया कि जब दिनेश विजान ने उन्हें लक्ष्मण उतेकर की फिल्म का ऑफर दिया और लेखक क्षितिज ने कहानी सुनाई, तो उन्हें महसूस हुआ कि यह उनके लिए बेहद खास अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी फिल्में बहुत कम मिलती हैं, जिनसे इतना गहरा व्यक्तिगत जुड़ाव महसूस हो।

फिल्मों के चुनाव और बॉक्स ऑफिस की सफलता को लेकर भी श्रद्धा ने अपनी सोच साझा की। उनके मुताबिक, किसी फिल्म की सफलता पूरी तरह किसी के नियंत्रण में नहीं होती और इसमें किस्मत की भी भूमिका रहती है। अभिनेत्री ने कहा कि उनका ध्यान अच्छी कहानियों का हिस्सा बनने और लगातार बेहतर काम करने पर रहता है। उन्होंने ‘ईठा’ का हिस्सा बनने पर गर्व जताते हुए निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की तारीफ भी की। श्रद्धा ने कहा कि ‘छावा’ के बाद लक्ष्मण उतेकर के लिए एक और योद्धा की कहानी बनाना आसान विकल्प हो सकता था, लेकिन उन्होंने एक बिल्कुल अलग दुनिया को एक्सप्लोर करने का फैसला किया। अभिनेत्री को उनका यह निर्णय काफी पसंद आया।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईठा’ महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार ईठा बाई के जीवन और संघर्षों से प्रेरित है। फिल्म में श्रद्धा कपूर इस दिग्गज लोक कलाकार की भूमिका निभा रही हैं, जिनका अपनी कला के प्रति समर्पण असाधारण था। बताया जाता है कि प्रसव पीड़ा के दौरान और बच्चे को जन्म देने के तुरंत बाद भी वह मंच पर प्रस्तुति देने पहुंच गई थीं। फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, उल्का गुप्ता और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के सहयोग से बनी इस फिल्म का संगीत अजय-अतुल ने तैयार किया है। फिल्म के एक भव्य गाने में 800 से ज्यादा बैकग्राउंड कलाकार नजर आएंगे। ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


आगरा और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. agravocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.