फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है। 57 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले निर्देशक को अंतिम विदाई देने के लिए बॉलीवुड की कई हस्तियां उनके मुंबई स्थित आवास पर पहुंचीं। इस दौरान अभिनेता फरीद खान, रोनित रॉय, रोहित रॉय और गुलशन ग्रोवर नजर आए। इनके अलावा फिल्ममेकर राकेश रोशन, निर्देशक मिलाप जावेरी, अभिनेता सुधांशु पांडे और अशोक पंडित ने भी पहुंचकर दिवंगत निर्देशक को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर माहौल काफी गमगीन रहा और हर कोई संजय गुप्ता को याद करता नजर आया।
संजय गुप्ता के करीबी दोस्तों के लिए यह बेहद मुश्किल पल था। खासतौर पर रोनित रॉय और मिलाप जावेरी खुद को संभाल नहीं पाए और दोनों की आंखें नम नजर आईं। अपने दोस्त को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। संजय गुप्ता ने हिंदी सिनेमा में ‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाई थी। उनके साथ काम कर चुके कलाकारों और दोस्तों के लिए उनका जाना एक बड़ी व्यक्तिगत क्षति है। यही वजह है कि उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे सितारों के बीच गम का माहौल देखने को मिला।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता का निधन शुक्रवार देर रात हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह अपने घर के अंदर संतुलन खो बैठे और गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। चोट लगने के कारण खून बहने लगा और उनकी जान चली गई। पुलिस के अनुसार, वह वर्सोवा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाके में रहते थे। हादसे के समय घर में मौजूद सभी लोग सो रहे थे, जिसके चलते परिवार को घटना की जानकारी शनिवार सुबह मिली। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, संजय गुप्ता अपने बंगले में पत्नी, दो बच्चों और एक घरेलू सहायक के साथ रहते थे। परिवार की ओर से इस घटना को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया गया है और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है। वहीं, उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी का इंतजार है। इस दुखद घटना ने उनके परिवार, दोस्तों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
संजय गुप्ता का नाम हिंदी सिनेमा के उन निर्देशकों में शामिल रहा, जिन्होंने एक्शन और क्राइम ड्रामा को अपना खास अंदाज दिया। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। ‘मुंबई सागा’ में जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी नजर आए थे। निर्देशक के तौर पर उनकी आखिरी फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ थी, जो 2024 में रिलीज हुई थी, जबकि बतौर निर्माता ‘विस्फोट’ भी उनके चर्चित प्रोजेक्ट्स में शामिल रही। संजय गुप्ता भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और सिनेमा में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
Check Out The Post:-